

"गिरिडीह के गांडेय में जंगली मशरूम की सब्जी खाने से एक ही परिवार के छह सदस्य फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए, सभी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
झारखंड के गिरिडीह जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां जंगली मशरूम का सेवन करने से एक ही परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से बीमार हो गए। मामला गांडेय थाना क्षेत्र के झरघट्टा गांव का है।
पीड़ितों की पहचान नेहा कुमारी, दशरथ गोस्वामी, कृष्णा गोस्वामी, अर्चना कुमारी, विशाल गोस्वामी और गीता देवी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, घर में जंगल से लाए गए मशरूम की सब्जी बनाई गई थी, जिसे खाने के कुछ ही देर बाद सभी को उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी होने लगी।
आनंद-फानन में सभी को गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। चिकित्सकों ने बताया कि समय पर उपचार मिलने के कारण सभी की हालत फिलहाल नियंत्रण में है।
स्वास्थ्य विभाग ने इस घटना के बाद लोगों को चेतावनी दी है कि वे बिना पहचान वाले या जंगल में उगने वाले जंगली मशरूम का सेवन बिल्कुल न करें। विशेषज्ञों के अनुसार, जंगली मशरूम जहरीले हो सकते हैं जो लिवर और किडनी को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।




