

"झारखंड में सूचना का अधिकार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने चार नए राज्य सूचना आयुक्तों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जिसमें अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक शामिल हैं।"
झारखंड में सूचना के अधिकार (आरटीआई) व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोक भवन, रांची स्थित दरबार हॉल में आयोजित समारोह में चार नए राज्य सूचना आयुक्तों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ लेने वालों में अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक शामिल हैं।
शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल ने सभी नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्तों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी आयुक्त पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित की भावना के अनुरूप अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।
समारोह की शुरुआत राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार द्वारा नियुक्ति वारंट के वाचन से हुई। इसके बाद राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने सभी नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्तों को शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखंड सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी एवं बैद्यनाथ राम, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





