

"भारत और अर्जेंटीना की सेनाओं ने आपसी सैन्य सहयोग को और मजबूत करते हुए उत्तराखंड में स्थित माउंट कामेट के लिए एक संयुक्त पर्वतारोहण अभियान शुरू किया है।"
भारत और अर्जेंटीना के बीच रक्षा संबंधों को नई ऊंचाइयां देने के लिए दोनों देशों की सेनाओं ने एक संयुक्त पर्वतारोहण अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर से इस टीम को लेफ्टिनेंट जनरल अजय रामदेव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अभियान का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कर्नल चिराग चटर्जी कर रहे हैं। इस टीम में भारतीय सेना के 25 और अर्जेंटीना की सेना के 10 जवान शामिल हैं। यह दल उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित 7,756 मीटर ऊंचे माउंट कामेट को फतह करने का प्रयास करेगा, जो भारत की तीसरी सबसे ऊंची चोटी है।
यह दोनों देशों की सेनाओं के बीच तीसरा संयुक्त अभियान है। इससे पहले 2025 में दोनों देशों ने माउंट एकॉनकागुआ और माउंट कुन पर सफलतापूर्वक तिरंगा और अर्जेंटीना का ध्वज फहराया था। लेफ्टिनेंट जनरल अजय रामदेव ने कहा कि ऐसे अभियान मित्र देशों के बीच आपसी विश्वास और पेशेवर समझ को और अधिक प्रगाढ़ बनाते हैं।
