

"पटना के बख्तियारपुर में शिव चर्चा के बाद आरती की थाली से घर में भीषण आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार की तीन महिलाओं की दम घुटने से मौत हो गई।"
पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा पेश आया। घर में आयोजित शिव चर्चा के बाद आरती की थाली से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दम घुटने से मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों में पंकज कुमार की पत्नी रीमा देवी (45), उनकी मां गीता देवी (70) और छह माह की दुधमुंही बच्ची आस्था शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य आरती के बाद प्रसाद लेकर बाहर चले गए थे, तभी आरती की थाली से घर के पर्दे में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा घर धुएं से भर गया।
पंकज कुमार ने बताया कि घटना के समय वे छत पर थे और जैसे ही नीचे आए, घर को धू-धू कर जलते देखा। उन्होंने अपने बेटे के साथ किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। दमकल गाड़ियों की कमी को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। बख्तियारपुर एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि भविष्य में बड़ी दमकल गाड़ियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।





