

"झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हिमांशु हत्याकांड को लेकर बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है।"
जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु हत्याकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर राज्य सरकार और जिला पुलिस को कठघरे में खड़ा करते हुए 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है।
रघुवर दास ने कहा कि जमशेदपुर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से आम लोगों में डर का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और जिला पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उनका कहना है कि हिमांशु हत्याकांड ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 3 जुलाई को पूरे शहर में बंद कराएगी और सरकार व जिला पुलिस के खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर भाजपा उग्र आंदोलन करेगी।
भाजपा ने नागरिकों, व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से भी बंद को सफल बनाने की अपील की है। अब 3 जुलाई को प्रस्तावित बंद को लेकर शहर की राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।





