

"बिहार के वैशाली जिले में दुकान बंद कर घर लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी बैग लेकर मौके से फरार हो गए।"
बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हाजीपुर के तीसीऔता थाना क्षेत्र स्थित बिंदी चौक के पास गुरुवार देर रात एक स्वर्ण कारोबारी की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय विशाल कुमार सोनी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रक्षाबंधन के चलते बाजार में भीड़ होने के कारण विशाल ने देर रात अपनी दुकान बंद की थी। वह अपने घर के लिए निकले ही थे कि घर से महज 500 मीटर पहले घात लगाए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने विशाल पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उन्हें तीन गोलियां लगीं। हमला करने के बाद बदमाश उनका बैग लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें जंदाहा पीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बता दें कि विशाल की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और उनका एक महीने का बेटा है।
फिलहाल, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
No similar articles found.