

"गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा-209 बटालियन ने एक संयुक्त अभियान में 240 से अधिक मामलों में वांछित शीर्ष नक्सली कमांडर अजय महतो को गिरफ्तार कर लिया है।"
झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा-209 बटालियन ने एक संयुक्त ऑपरेशन में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के स्पेशल एरिया कमेटी (SAC) के शीर्ष कमांडर अजय महतो उर्फ टाइगर को गिरफ्तार किया है। उस पर झारखंड सरकार ने 25 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अजय महतो के खिलाफ 240 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, आईईडी विस्फोट और सुरक्षा बलों पर हमले जैसी वारदातें शामिल हैं। उसे खवासटांड़ टोला के घने जंगलों से घेराबंदी कर पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, अजय महतो वर्ष 2005 से नक्सल गतिविधियों में सक्रिय था और संगठन में लेवी वसूली तथा बड़े हमलों की साजिश रचने का मुख्य जिम्मा उसी के पास था। उसके खिलाफ गिरिडीह के अलावा पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, चतरा, रामगढ़ और सरायकेला जैसे जिलों में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी को माओवादी नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।





