

"महाराष्ट्र विधानसभा के उपसभापति सचिन अहीर के घर हुई करोड़ों की चोरी के तार झारखंड से जुड़े। मुंबई पुलिस ने गिरिडीह में छापेमारी कर आरोपियों के पास से बरामद की थार और सोने के आभूषण।"
महाराष्ट्र विधानसभा के उपसभापति सचिन अहीर के मुंबई स्थित आवास पर हुई 2.65 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का मामला अब झारखंड तक पहुंच गया है। इस चोरी को अंजाम देने वाले आरोपी उनके ही घर में काम करने वाले कर्मचारी अमित यादव और सतीश कुमार निकले, जो मूल रूप से गिरिडीह जिले के निवासी हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वर्ली पुलिस ने गहन जांच शुरू की और आरोपियों की निशानदेही पर मुंबई पुलिस की एक टीम झारखंड पहुंची। गिरिडीह के गावां थाना क्षेत्र के पंडरिया और सांख गांव में स्थानीय पुलिस की मदद से की गई छापेमारी में पुलिस ने चोरी की रकम से खरीदी गई एक महिंद्रा थार एसयूवी, भारी मात्रा में सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान बरामद किए हैं।

पुलिस पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि आरोपियों ने लंबे समय तक घर में काम करने के दौरान धीरे-धीरे नकदी और कीमती सामानों पर हाथ साफ किया था। फिलहाल, पुलिस अब बाकी की चोरी की रकम का पता लगाने में जुटी है। इस घटना ने हाई-प्रोफाइल आवासों की सुरक्षा और घरेलू सहायकों के सत्यापन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।





