

"जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षा बलों ने एक संयुक्त अभियान के दौरान दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर बड़ी आतंकी साजिश को विफल कर दिया है। इनके पास से पिस्टल, ग्रेनेड और कारतूस बरामद किए गए हैं।"
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। राजपोरा के सीबी नाथ इलाके के यारवन जंगल में चलाए गए एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की 183वीं बटालियन द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
सुरक्षा बलों को क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान (CASO) चलाया गया। गिरफ्तार संदिग्धों की पहचान लतीफ अहमद डीडाड और एजाज अहमद बजाड के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान, इनके कब्जे से एक पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है।
पुलिस ने इस मामले में राजपोरा थाने में FIR नंबर 118/2026 दर्ज की है। दोनों संदिग्धों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और UAPA की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि इन हथियारों की खेप कहां से आई थी और इनके तार किन आतंकी नेटवर्क से जुड़े हैं। घाटी में आतंकी मंसूबों को कुचलने के लिए सुरक्षा बल लगातार चौकस हैं।
