

"झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने अव्यवहारिक सुरक्षा व्यवस्था के विरोध में अपने 16 सुरक्षाकर्मियों और तीन स्कॉट वाहनों को वापस कर दिया है, जिसके बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।"
रांची: झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा और असामान्य फैसला लिया है। उन्होंने अपनी सुरक्षा में तैनात 16 पुलिस जवानों और तीन स्कॉट वाहनों को तत्काल प्रभाव से वापस कर दिया है। अब मंत्री बिना किसी अतिरिक्त सुरक्षा और स्कॉट वाहन के ही सरकारी कार्यक्रमों और दौरों में शामिल हो रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, वित्त मंत्री ने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक (DGP) को एक कड़ा पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया है कि पूर्व में भी उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में व्यावहारिक बदलाव की मांग की थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि केवल तीन सरकारी वाहनों में 16 पुलिस जवानों को एडजस्ट करना बेहद कठिन है। जवानों को वाहनों में ठूंसकर बैठाना सुरक्षा की दृष्टि से न तो उचित है और न ही व्यावहारिक। उन्होंने आवश्यकता के अनुरूप चार वाहनों के आवंटन का अनुरोध किया था, लेकिन उनके पत्र का कोई जवाब नहीं मिला।
राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि ऐसी स्थिति में मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था को जारी रखना उचित नहीं था। इसलिए उन्होंने अपनी सुरक्षा में लगे सभी 16 जवानों और तीनों स्कॉट वाहनों को वापस करने का निर्णय लिया।
वित्त मंत्री के इस फैसले के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, राज्य सरकार या पुलिस मुख्यालय की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार इस पूरे मामले पर क्या रुख अपनाती है और मंत्री की सुरक्षा के लिए क्या वैकल्पिक व्यवस्था की जाती है।





