

"बिहार के भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड में गंगा नदी के कटाव से राघोपुर-काजीकोरैया तटबंध का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए मंत्री और जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे।"
बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल के खरीक प्रखंड में गंगा नदी का कटाव विकराल रूप ले चुका है। राघोपुर-काजीकोरैया मार्जिनल तटबंध का करीब 150 मीटर हिस्सा अब तक गंगा में समा चुका है, जिससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
शनिवार को भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने प्रभावित क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। मंत्री कुमार शैलेंद्र ने बताया कि गंगा की धारा ने अपना रुख तटबंध की ओर मोड़ लिया है, जिससे कटाव का दबाव काफी बढ़ गया है।
प्रशासन की ओर से कटाव रोकने के लिए जियोबैग और अन्य सुरक्षात्मक उपाय किए जा रहे हैं। घटनास्थल पर रिंग बांध का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है और बड़ी संख्या में श्रमिक, ट्रैक्टर और मशीनों को तैनात किया गया है। जिलाधिकारी ने प्रभावित इलाकों में सामुदायिक रसोई और मेडिकल कैंपों को सुचारू रूप से चलाने के कड़े निर्देश दिए हैं ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।


