

"जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने पटना के बांकीपुर में बड़ा वादा करते हुए 10 हजार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने का संकल्प लिया है।"
पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रशांत किशोर (PK) ने रोजगार के मोर्चे पर एक बड़ा ऐलान किया है। उपचुनाव के बाद आभार सभा के दौरान उन्होंने घोषणा की है कि वे अगले एक से दो वर्षों के भीतर क्षेत्र के कम से कम 10 हजार युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाएंगे।
प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि जिन परिवारों के शिक्षित युवा बेरोजगार हैं, वे अपना CV और बायोडाटा उनके कार्यालय में जमा करा सकते हैं। उन्होंने कहा, "देशभर में मेरे जो व्यावसायिक संपर्क हैं, उनके माध्यम से मैं युवाओं को रोजगार दिलाने का प्रयास कर रहा हूं। बांकीपुर के युवाओं के रोजगार की जिम्मेदारी मेरी है।"
PK ने साफ किया कि यह सरकारी नौकरी का वादा नहीं है, बल्कि निजी कंपनियों में अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास है। इस प्रक्रिया में शुरुआती दौर में युवाओं को काम के लिए राज्य से बाहर भी जाना पड़ सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि भविष्य में यदि जन सुराज की सरकार बनती है, तो बिहार के भीतर ही बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करना उनकी प्राथमिकता होगी।
अब देखना यह होगा कि प्रशांत किशोर के इस रोजगार अभियान से वास्तव में कितने युवाओं को उनके सपनों की नौकरी मिल पाती है।

