

"बिहार के सीवान जिले में एक मिडिल स्कूल के अंदर छात्र द्वारा छात्र पर चाकू से हमले की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।"
बिहार के सीवान जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां महाराजगंज थाना क्षेत्र के स्वामी कर्मदेव मध्य विद्यालय में चाकूबाजी से हड़कंप मच गया। सातवीं कक्षा के एक छात्र ने छठी कक्षा के सहपाठी पर अचानक हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में दोनों छात्रों के बीच किसी बात को लेकर मामूली विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सातवीं कक्षा के छात्र ने चाकू निकाल लिया और छठी कक्षा के छात्र पर वार कर दिया। इस हमले के बाद स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अनिता सिन्हा और एसडीपीओ अमन समेत स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घायल छात्र को तुरंत उपचार के लिए महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है कि एक छात्र के पास चाकू कहां से आया और विवाद की असली जड़ क्या थी।





